ग्वालियर को मिली बड़ी सौगात: विवेकानंद नीडम आरओबी तैयार, 8 अप्रैल को सीएम करेंगे लोकार्पण

ग्वालियर को मिली बड़ी सौगात: विवेकानंद नीडम आरओबी तैयार, 8 अप्रैल को सीएम करेंगे लोकार्पण

ग्वालियर, 7 अप्रैल: ग्वालियरवासियों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और लंबी दूरी की परेशानी से राहत मिलने वाली है। शहर में विवेकानंद नीडम के समीप नवनिर्मित रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) पूरी तरह से तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 अप्रैल को इस बहुप्रतीक्षित आरओबी का लोकार्पण करेंगे और इसे जनता को समर्पित करेंगे।

यह आरओबी लश्कर, कंपू, आमखो जैसे क्षेत्रों को सीधे नाका चंद्रबदनी से होते हुए विवेकानंद नीडम और कलेक्ट्रेट से जोड़ता है। साथ ही, यह आगरा-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग तक सीधा मार्ग उपलब्ध कराता है। इसके चलते न केवल दूरी घटेगी बल्कि समय की भी बचत होगी, जिससे आमजन को आवागमन में सुगमता मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर आरओबी के कार्यों को तीव्र गति से अंतिम रूप दिया गया है। इसमें विद्युतीकरण, रोशनी के लिए पोल व रेडियम का लगाना, रोड फर्निशिंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी की गई हैं, ताकि यातायात निर्बाध रूप से शुरू हो सके।

आरओबी के लोकार्पण के साथ ही आवागमन भी विधिवत रूप से प्रारंभ हो जाएगा। यह ब्रिज न केवल ग्वालियर शहर के विकास को रफ्तार देगा, बल्कि लोगों के रोजमर्रा के जीवन को भी सरल बनाएगा।

यह आरओबी ग्वालियर को बेहतर और स्मार्ट शहर की ओर ले जाने वाला एक और कदम माना जा रहा है।


आगे पढ़ें